उद्योग व्यापार मंडल ने कार्यक्रम आयोजित कर जिलाधिकारी को दी विदाई

 उरई। आज शंकर बैंकेट हाल राठ रोड उरई में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जनपद जालौन द्वारा निवर्तमान जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर का विदाई समारोह आयोजित किया गया। तत्पश्चात उरई नगर पालिका के अध्यक्ष अनिल बहुगुणा का जन्मदिन निवर्तमान जिलाधिकारी के सानिध्य में संपन्न हुआ।संगठन के प्रदेश महामंत्री डा. दिलीप सेठ एवं पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा एवं युवा प्रदेश मंत्री हरिओम बाजपेयी ने निवर्तमान जिलाधिकारी की तीन साल पांच माह की उपलब्धियों के बारे में सभागार में उपस्थित समस्त व्यापारियों को अवगत कराया। वहीं निवर्तमान जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने अपने संबोधन में कहा कि जनपदवासियों ने उन्हें मुझे भरपूर स्नेह प्यार दिया है जिसके लिए वह जनपदवासियों के जीवन भर ऋणी रहेंगे। उन्होंने रूंधे हुए कंठ से कहा कि जाने अनजाने में उनसे यदि कोई गलती हुई हो तो वह जनपदवासियों से क्षमा चाहते हैं। कार्यक्रम में गल्ला व्यापार संघ के पदाधिकारी एवं नगर पालिका उरई के सभासदगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समस्त वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने एक एक पुष्प देकर निवर्तमान जिलाधिकारी को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मण दास बाबानी ने किया। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता एवं नगर अध्यक्ष साजिद खान ने सभी का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

Leave a comment