जालौन। कोरोना काल में नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बरतने के मामले में रिनियां व मड़ोरा की सरकारी खाद्यान्न की दुकानों एवं चिकित्सकीय अवकाश के फिटनेस प्रमाण पत्र न देने पर हीरापुर की उचित दर की दुकान को एसडीएम ने निरस्त कर दिया है।एसडीएम गुलाब सिंह से रिनियां निवासी आकांक्षा, सुरेंद्र, राजकुमारी आदि ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि कोटेदार सत्यनारायण पाठक राशन कार्डधारकों से अभद्र व्यवहार करते हैं एवं निर्धारित मूल्य से अधिक रेट पर सामग्री देते हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि कोरोना काल में सितंबर माह में नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण में अनियमितता की है। इसी तरह मड़ोरा की ग्रामीण लौंगश्री, शांति देवी, प्रियंका, बुद्धश्री आदि ने शिकायत की थी कि कोटेदार लवकुश ने नि:शुल्क चना का वितरण नहीं किया। ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच एआरओ अनमोल सिंह ने की। मौके पर जाकर की गई जांच में ग्रामीणों के आरोप सही पाए गए जिस पर एआरओ की रिपोर्ट पर एसडीएम ने रिनियां व मड़ोरा की सरकारी खाद्यान्न की दुकानों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है जबकि हीरापुरा के कोटेदार अखिलेश कुमार ने गत 13 मई से 11 जून तक चिकित्सकीय अवकाश लिया था। चिकित्सकीय अवकाश के बाद बार बार मांगने के बाद स्वस्थ प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया। प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने व दुकान के संचालन के प्रति इच्छुक न होने पर दुकान को निरस्त कर दिया है।

Leave a comment