उरई। शासन द्वारा आगामी16 फरवरी बसंत पंचमी को महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह मनाए जाने का निर्णय लिया गया है जिसके क्रम में आज जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने विकास भवन सभागार में महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह के आयोजन की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि प्रमुख सचिव संस्कृति अनुभाग उप्र शासन के पत्र के क्रम में निर्गत निर्देशों के अनुपालन में जनपद में आगामी 16 फरवरी बसंत पंचमी को राज्य मंत्री उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रोद्यौगिकी विभाग उप्र/प्रभारी मंत्री जनपद जालौन नीलिमा कटियार की अध्यक्षता में ग्राम मुसमरिया विकास खंड महेबा में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय में महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह का आयोजन प्रात: दस बजे किया जाएगा। पूर्वाह्न ग्यारह बजे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का उद्बोधन द्वारा वर्चुअल माध्यम से दर्शाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों के छात्र/छात्राओं के कार्यक्रम प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे। सभी तहसीलों में संबंधित उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समस्त शहीद स्थलों पर संलग्न शासनादेश में निर्गत निर्देशों के अनुक्रम में कार्यक्रम संपादित कराया जाएगा। सभी विकास खंडों में यह कार्यक्रम संबंधित खंड विकास अधिकारी संपादित कराएंगे। सभी नगर पालिका परिषद/समस्त नगर पंचायतों में स्थित शहीद स्थलों पर कार्यक्रम संपादित किया जाएगा जिसके नोडल अधिकारी संबंधित अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत होंगे। संबंधित उपजिलाधिकारी कार्यक्रम की मानीटरिंग करेंगे। शहरों/कस्बों में स्थित शहीद स्थलों की साफ सफाई हेतु संबंधित अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत नोडल अधिकारी होंगेे। ग्राम पंचायतों में साफ सफाई व्यवस्था के नोडल अधिकारी जिला पंचायत राज अधिकारी होंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा सभी शहीद स्थलों व स्मारकों पर महाराजा सुहेलदेव जी के शौर्य एवं बलिदान भारत के गौरवशाली इतिहास की महान विभूतियों, स्वतंत्रता संग्राम के नायकों, प्राचीन, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास तथा स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित पुस्तकों की प्रदर्शनी हेतु विशेष प्रयास किए जाएं। उक्त कार्यक्रम संचालन का प्रभार जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा जाता है। सायंकाल साढ़े पांच से छह बजे तक पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रधुन का वादन किया जाना है तथा सायं साढ़े छह बजे शहीद स्मारक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम किया जाएगा। सभी उपजिलाधिकारी, सभी क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतें कराएंगे। सभी कार्यक्रमोंं के मुख्य विकास अधिकारी पर्यवेक्षणीय अधिकारी होंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा. अभय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ऊषा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए शशिकांत द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।







Leave a comment