आकाशीय बिजली गिरने से मजदूर के घर में लगी आग, गृहस्थी खाक

  कालपी। तहसील मुख्यालय के यमुना पट्टी ग्राम हीरापुर में आकाशीय बिजली गिरने से गरीब मजदूर के घर में आग लग गई जिसके चलते उसकी घर गृहस्थी का सभी समान जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि उस समय घर के लोग मौके पर नहीं थे अन्यथा कोई अनहोनी हो सकती थी। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी कालपी ने नायब तहसीलदार को मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन करने के निर्देश दिए।मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह तकरीबन नौ बजे अचानक मौसम बदला काली घटाएं घिर आई। हल्की बारिश के साथ बिजली कडक़ने लगी और हीरापुर गांव निवासी राजाराम निषाद पुत्र कालीदीन निषाद के घर में पड़े छप्पर में बिजली गिरने से आग लग गई और देखते ही देखते आग ने सारे घर को चपेट में ले लिया। गनीमत रही घर के लोग खेतों पर थे। ग्राम प्रधान हरीबाबू निषाद ने बताया कि पीडि़त व्यक्ति अत्यंत गरीब है जिसके चार मासूम बच्चे हैं। आग लगने से उसके घर का सारा समान जल गया। शासन प्रशासन से मांग करते हैं उसकी तत्काल प्रभाव से मदद करने की बात कही। बेमौसम हुई बरसात से कालपी तहसील के किसानों की फसलों को भी नुकसान हुआ है। वहीं उक्त घटना की जानकारी जैसे ही उपजिलाधिकारी जयेंद्र कुमार को मिली तो उन्होंने तत्काल नायब तहसीलदार को नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट बनाकर शीघ्र देने के निर्देश दिए।  

Leave a comment