उरई। जनपद में महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह धूमधाम एवं भव्य तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुसमरिया विकास खंड महेवा में आयोजित हुआ जहां पर विधायक कालपी नरेंद्र पाल सिंह जादौन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा रामेंद्र सिंह बनाजी, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात पूर्वाह्न ग्यारह बजे चित्तौरा बहराइच से प्रधानमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव जी के स्मारक का शिलान्यास किया जिसका सजीव प्रसारण वेबलिंक के माध्यम से दिखाया गया तथा महाराजा सुहेलदेव के शौर्य एवं बलिदान पर आधारित गौरवगीत के गायन एवं चलचित्र के साथ प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का वर्चुअल उद्बोधन भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि भारत वर्ष के इतिहास में मध्यकाल ग्यारहवीं सदी में उत्तर प्रदेश के बहराइच में महाराजा सुहेलदेव एक प्रतापी राजा हुए जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं से भारतीय संस्कृति एवं विरासत की रक्षा की। महाराजा सुहेलदेव जी का शौर्य एवं पराक्रम वर्तमान पीढ़ी के लिए एक गौरवशाली उदाहरण है। विदेशी आक्रांताओं से मुकाबला करने के लिए इक्कीस राज्यों का संगठन बनाकर कुशल रणनीति के रूप में विशिष्ट युद्धकला के माध्यम से महाराजा सुहेलदेव ने विजय प्राप्त की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा, विधायक सदर एवं विधायक कालपी ने भी महाराजा सुहेलदेव की जयंती पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि शासन द्वारा जो भी कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं उन सबका पात्र व्यक्तियों को उसका लाभ दिया जाएग। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कल मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का शुभारंभ किया गया जिसमें प्रदेश के गरीब बच्चों का अब आईएएस, आईपीएस बनने के लिए कोचिंग सेंटर्स की भारीभरकम फीस नहीं अदा करनी होगी। उन्होंने विद्यालयों के बच्चों के प्रस्तुति पर काफी प्रसन्नता जाहिर की। अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। तदुपरांत जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी द्वारा विभागीय योजनाओं से संबंधित स्टाल का अवलोकन किया गया।








Leave a comment