शिकायतों को लंबित न रखकर गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी तरीके से ससमय निस्तारण करें: डीएम

  उरई। कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों से मधुर शब्दों का प्रयोग करते हुए उनकी समस्याओं का निस्तारण करें। तहसील दिवस की शिकायतें दो दिवस से अधिक लंबित न रहें। टीम बनाकर मौके पर उसे भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त उद्गार जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने तहसील उरई के तहसील सभागार में उनकी अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।सर्वप्रथम उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। इसके उपरांत पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में आए हुए प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की अद्यतन समीक्षा कर निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस के प्रार्थना पत्रों को लंबित न रखा जाए। लंबित प्रार्थना पत्रों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आज के संपूर्ण समाधान दिवस में कुल ससत्तर शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आज आए हुए समस्त प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किए जाने में किसी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्युत विभाग की काफी शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें मीटर न लगे होने पर भी विद्युत बिल घर पर भेज दिए जाते हैं जिस पर जिलाधिकारी द्वारा अधिशाषी अभियंता विद्युत प्रथम एवं द्वितीय को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि रोस्टर बनाकर ब्लाक स्तर पर कैंप लगाकर समस्याओं का निस्तारण कराएं तथा एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। तदुपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तहसील दिवस में जो भी शिकायतें प्राप्त होती है उसे गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी तरीके से ससमय निस्तारण करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक तहसील दिवस के समाप्ति के उपरांत किसी एक चयनित ग्राम का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा तथा मौके पर जो भी समस्याएं आएंगी उनका निस्तारण भी किया जाएगा जिसमें संबंधित अधिकारी मौके पर रहने के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर सत्येंद्र कुमार, वनाधिकारी अंकेश कुमार श्रीवास्तव, उपनिदेशक कृषि आरके तिवारी सहित सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।  मौसम के बिगड़े मिजाज से कम आए फरियादी माधौगढ़/जालौन। सुबह से ही बारिश के मौसम ने फरियादियों के कदम थाम दिए जिस कारण माधौगढ़ तहसील में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में महज चौबीस शिकायतें ही आ सकी। हालांकि जिला स्तरीय किसी अधिकारी के न होने से भी फरियादी मायूस दिखाई दिए। एसडीएम सालिकराम और तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति की मौजूदगी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आई चौबीस शिकायतों में से दो का मौके पर निस्तारण हो गया। इस दौरान सीओ वीरेंद्र श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी सहित सभी अधिकारी मौजूद थे। वहीं जालौन में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में खराब मौसम का असर दिखा एवं फरियादियों की संख्या बहुत कम रही। जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एसडीएम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ जिसमें तेईस शिकायतें पंजीकृत हुई जिनमें मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। शिकायतों को निस्तारण के संबंधित अधिकारी को सौंप दिया। इस मौके पर एसडीओ बिजली कौशलेंद्र सिंह, जेई जलसंस्थान आलोक श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर क्राइम अनिल कुमार, डा. मुकेश राजपूत, मंडी सचिव सर्वेश शुक्ला, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमोल सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a comment