मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार देव श्रीमाली इन दिनों मुख्य से लेकर सोशल मीडिया में खूब चर्चित हैं | इसकी वजह है हाल ही में आई उनकी पुस्तक – “बिछड़े के बारी – बारी”। दिल्ली के लोकमित्र प्रकाशन से प्रकाशित इस किताब का सम्पादन देव श्रीमाली ने किया है। इसकी भूमिका रेमैन मैग्सेसे सम्मान प्राप्त एनडीटीवी के प्रमुख पत्रकार रवीश कुमार और भारतीय पुस्तक न्यास के हिंदी संपादक ,जाने-माने लेखक पंकज चतुर्वेदी ने लिखी है । इस किताब में कोरोना काल मे दिवंगत हुए मप्र के सौ से ज्यादा पत्रकारों के संघर्ष की कहानी है। कोरोना काल मे पत्रकारों के योगदान का दस्तावेजीकरण करने वाली यह देश के पहली पुस्तक मानी जा रही है । इसका विमोचन दिसम्बर में मप्र की विधानसभा परिसर के मान सरोवर सभागार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ, विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम और गृह एवम संसदीय कार्यमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने किया था। अब मीडिया में जगह – जगह इस पर खूब चर्चाएं हो रहीं हैं।
मध्यप्रदेश में पत्रकारिता करने वाले वरिष्ठ पत्रकार देव श्रीमाली हिंदी पत्रकारिता के जाने – माने नाम है । वे अनेक प्रमुख समाचार पत्रों,पत्रिकाओं में विभिन्न पदों पर कार्य करने के साथ टीवी पत्रकारिता हो या डिजिटल पत्रकारिता सबमे सक्रिय हैं और विश्वसनीयता और निष्पक्षता उनकी पहचान है।
कौन हैं देव श्रीमाली?
मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में एक मध्यमवर्गीय परिवार में 12 सितंबर 1962 को जन्मे देव श्रीमाली के पिता का नाम श्री रामबाबू श्रीमाली और माँ का नाम श्रीमती राधादेवी श्रीमाली थी । उनके पिता ने स्वाधीनता आंदोलन में योगदान दिया लेकिन स्वतंत्रता के पश्चात उन्होंने अपना नाम स्वाधीनता सेनानियों की सूची में लिखाने और इस एवज में कोई भी शासकीय लाभ लेने से इनकार कर दिया । यहां तक कि अपने नाम के आगे भी कभी इसका उल्लेख नही किया। उनके चार बेटे सर्वश्री उमेश,जगदीश ,देव और नागेश तथा दो बेटियां अन्नपूर्णा और मंजू हुईं । देव इनमे तीसरे नम्बर के पुत्र हैं।
देव श्रीमाली ने उच्च शिक्षा पाई । उन्होंने जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के अधीन एम कॉम और एलएलबी के अलावा हिंदी विषय में स्नातकोत्तर के अलावा पत्रकारिता में भी स्नातकोत्तर (बीजेएमसी और एमजेएमसी) की डिग्री हासिल की । इसके अलावा प्रसिद्ध जर्मन पत्रकार पीटर के मार्गदर्शन में दस दिवसीय डिप्लोमा कोर्स भी किया।
देव श्रीमाली शुरू में छात्र राजनीति में सक्रिय रहे और स्कूल और कॉलेज छात्रसंघ के विभिन्न पदों पर निर्वाचित हुए और अनेक शासकीय नौकरियों के लिए भी चयनित हुए जिनमे राज्य लोकसेवा आयोग भी शामिल है लेकिन नौकरी के प्रति उनका कोई रुझान नही था । भिण्ड के साहित्यिक माहौल के चलते वे कविताएं लिखने लगे । तब उम्र बमुश्किल 18 वर्ष की रही होगी । वे कविता छपवाने के लिए तब के युवा और वर्तमान में उरई में रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार केपी सिंह के संपर्क में आये ।
उन्होंने देव को पद्य की जगह गद्य लेखन में जाने की सलाह दी तो वे पत्रकारिता में सक्रिय हुए और स्थानीय साप्ताहिक अखबारों वनखंडेश्वर ,कैक्टस आदि से जुड़ गए और फिर भिण्ड से प्रकाशित पहले दैनिक उदगार और फिर ऋतुराज बसंत से । यहां तक आते – आते उनके लेखन को देश के हिंदी क्षेत्र में पहचान मिलने लगी । उनके लेख न केवल अंचल के बल्कि देश भर के हिंदी पत्र और पत्रिकाओं में निरंतर प्रकाशित होने लगे । वरिष्ठ पत्रकार डॉ राम विद्रोही, काशीनाथ चतुर्वेदी, एलएन शीतल,इंद्रभूषण रस्तोगी, शिव दयाल अष्ठानाआलोक तोमर,राकेश अचल,रवींद्र श्रीवास्तव और डॉ सुरेश सम्राट जैसे पत्रकारों के सानिध्य में अपने को उन्हें निखारा। तब के प्रतिष्ठित धर्मयुग,माया,दिनमान टाइम्स ,सीनियर इंडिया,करंट न्यूज़,अमृत बाजार,राज एक्सप्रेस ,स्वदेश ,राष्ट्रीय हिंदी मेल,चौथा संसार,हेलो हिंदुस्तान,हिंदुस्तान एक्सप्रेस,अजय भारत ,जागरण ,नई दुनियां सहित अनेक पत्र – पत्रिकाओं में उनके लेख,रिपोर्ताज़ ,आमुख कथाएं नियमित तौर पर छपने लगीं और वर्तमान में भी सभी प्रमुख पत्र- पत्रिकाओं तथा न्यूज पोर्टल में प्रकाशित होती रहतीं हैं।
यहां किया काम
देव श्रीमाली ने दैनिक भास्कर,जनसत्ता, आचरण,हिन्दू समवृद्धि , उदगार और ऋतुराज बसंत आदि समाचार पत्रों में लगभग 30 वर्ष तक काम किया है। इनके अलावा आकाशवाणी के लिए सम – सामयिक विषयों पर अनेक वार्ताएं और रूपक का लेखन किया।
इलेक्ट्रोनिक मीडिया
देव श्रीमाली बीते बाइस सालों से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में निरंतर सक्रिय है । इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की पारी उन्होंने ईटीवी मध्यप्रदेश से शुरू की जल्द ही वे राजकुमार केसवानी जी के संपर्क में आये और उन्होंने ग्वालियर चम्बल संभाग से उन्हें स्टार न्यूज के साथ जोड़ लिया । स्व केसवानी जी तब स्टार न्यूज के मध्य प्रदेश के ब्यूरो चीफ थे । इसके बाद एनडीटीवी हो गया तो उससे जुड़ गए। बाद में जब एबीपी न्यूज लांच हुआ तो उसने भी ग्वालियर का जिम्मा देव श्रीमाली को ही सौंपा क्योंकि उनकी खबरो तक पहुंच और उनका भरोसेमंद होना माना जाता है।
अच्छे राजनीतिक और सामाजिक विश्लेषक
देव श्रीमाली मप्र के क्षेत्रीय न्यूज चैनल्स की लाइव डिबेट में बैठने वाले सबसे प्रमुख चेहरे हैं , खासकर राजनीतिक बहसों में उनकी सटीक टिप्पणियों और निष्पक्ष बातों को खूब सुना जाता है । न्यूज 18, ज़ी न्यूज़, बंसल न्यूज,आईबीसी 24,आईएनएच, आईएनडी 24, न्यूज 24 ,ईटीवी भारत आदि सभी चैनल्स की बहसों में बतौर राजनीतिक विश्लेषक और विषय विशेषज्ञ के रूप में आमतौर पर स्थान मिलता है और एंकर उनकी राजनीतिक समझ की खूब प्रशंसा करते है।
चम्बल के विशेषज्ञ
खबर चम्बल से संबंधित हो और उसमे देव श्रीमाली की राय शुमार न हो ऐसा हो ही नहीं सकता । उन्होंने चम्बल के दुरूह बीहड़ों से लेकर हर गांव और कस्बे ,वहां के धार्मिक और सामाजिक मान्यताओं के स्थल अपने पैरों से नापे हैं । वहां का इतिहास हो या भूगोल,जातिगत संरचना हो या खेती बाड़ी की रीति,सामाजिक परंपराएं हो या जातिगत समीकरण हर जानकारी उनकी जुबान पर रहती है । चम्बल में डाकू समस्या पर उनका लिखा देश – दुनियाँ में पढ़ा जाता है । चम्बल को समग्र रूप से दिखाने वाली उनकी शोध पुस्तक – चम्बल:संस्कृति और विरासत का प्रकाशन शीघ्र ही नेशनल बुक ट्रस्ट (भारतीय पुस्तक न्यास)करने जा रहा है।
कई पुस्तकें लिखीं
देव श्रीमाली वैसे तो अब तक एक दर्जन से ज्यादा किताबें लिख चुके है जिनमे सबसे चर्चित हाल ही में दिल्ली के लोकमित्र प्रकाशन से आई पुस्तक – बिछड़े कई बारी- बारी है । यह कोरोना काल मे दिवंगत हुए मप्र के पत्रकारों के संघर्ष पर आधारित है। इनके अलावा उन्होंने दैनिक भास्कर में प्रकाशित लोकप्रिय कॉलम “परत दर परत” में प्रकाशित आलेखों की चुनिंदा कतरनों पर आधारिक पुस्तक का वरिष्ठ पत्रकार आलोक तोमर के संपादन में ,मध्यभारत के स्वतन्त्रता आंदोलन पर आधारित – महासमर के योद्धा, मप्र की कला,संस्कृति,पुरातत्व आदि पर आधारित पुस्तक का सम्पादन(लेखक श्री आरएमपी सिंह)
,गौरवशाली अतीत के साक्षी – चम्बल अंचल के इतिहास पर आधारित पुस्तकें भी चर्चा का विषय रही जिनको देशभर के लेखकों ने संदर्भ के रूप में उपयोग कर उल्लिखित किया।
देव श्रीमाली को अपनी पत्रकारिता की यात्रा में अनेकों सम्मान मिले । विगत 2021 में उन्हें देश का प्रतिष्ठित उदभव नेशनल एक्सीलेंस जर्नलिस्ट अवार्ड दिया गया जो केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया। 2021 में मप्र विधानसभा परिसर स्थित मान सरोवर सभागार में आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ और विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने उनकी मार्मिक पुस्तक “बिछड़े कई बारी-बारी”के लिए सम्मानित किया। इस मौके पर प्रदेश के गृह और संसदीय कार्यमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया , विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के सचेतक डॉ गोविंद सिंह, प्रदेश के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया और स्थानीय शासन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया सहित अनेक राजनेता,वरिष्ठ नौकरशाह और प्रदेश भर के वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
उन्हें इसके अलावा मप्र के श्रेष्ठ रिपोर्टर को मिलने वाला प्रतिष्ठित सप्रे संग्रहालय का “राजेन्द्र नूतन सम्मान-2019”,डॉ भगवान सहाय शर्मा स्मृति कलमवीर सम्मान- 2014,संजीवनी गौरव सम्मान-2003, चम्बल रत्न सम्मान-2204 के अलावा 1991 में ग्वालियर विकास समिति का ग्वालियर -चम्बल संभाग के सर्वश्रेष्ठ रिपोर्टर अवार्ड और राष्ट्रकवि मैथलीशरण गुप्त सम्मान मिल चुके हैं । वे मध्यप्रदेश सरकार की अधिमान्यता देने वाली समिति में बीस वर्षों तक सदस्य रहे।
पत्रकारिता की शुचिता के लिए सक्रिय
देव श्रीमाली युवा पत्रकारों को पत्रकारिता की शुचिता और गरिमा तथा सुशिक्षित करने के लिए निरंतर सक्रिय हैं । वे लंबे समय से ग्रामीण पत्रकारिता विकास संस्थान के जरिये कस्बों से लेकर शहरों तक पत्रकारों को सुशिक्षित कर आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण,कार्यशालाएं,विचार गोष्ठियां आदि का निरन्तर आयोजन करते है जो शीर्षास्थ पत्रकारों और राजनेताओं के साथ कस्बाई पत्रकारों के बीच मेलजोल का अवसर भी देते हैं।
-तेजपाल सिंह राठौर








Leave a comment