कोंच-उरई । विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर जहां निर्वाचन आयोग के निर्देश पर और जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशन में प्रशासन हर तरह से कानून व्यवस्था का राज बनाए रखने के लिए सन्नद्ध नजर आ रहा है। प्रशासन की मंशा साफ है कि इलाके के खुराफाती और असामाजिक तत्वों के जेहन में यह बात बिठा दी जाए कि गड़बड़ी की कोशिश करने के गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसी मंशा के साथ बुधवार को कोतवाली पुलिस के साथ सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने नगर की सड़कों और गलियों को रौंद मारा।  

बुधवार को कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह एसएसआई आनंद कुमार सिंह आदि की अगुवाई में सीमा सुरक्षा बल के सैकड़ों जवानों ने नगर क्षेत्र के मुख्य राजमार्ग, सर्कुलर रोड और गलियों में रूट मार्च किया। कतारबद्ध चल रहे जवानों के भारी बूटों की थाप सुन कर लोग उन्हें देखने के लिए उत्सुकतावश घरों से बाहर निकल आए जबकि अराजक तत्वों की हवा शंट रही। प्रभारी कोतवाल ने जगह जगह रुक रुक कर लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मतदान करना लोगों का संवैधानिक अधिकार है क्योंकि उन्हीं के वोट से लोक कल्याणकारी सरकार का गठन होता है। उन्होंने मतदाताओं को भरोसा दिया कि कोई उनके वोट पर बलात् कब्जा नहीं कर सकता है, प्रशासन हर पल उनकी सुरक्षा में खड़ा है। चुनाव में खलल डालने वालों के साथ प्रशासन पूरी सख्ती से निपटेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि बिना किसी प्रलोभन के मतदान करें, वोटरों को लुभाने के लिए अगर कोई प्रत्याशी या उनके समर्थक पैसों, मादक पदार्थों या अन्य तरह के प्रलोभन देता दिखे तो उसकी शिकायत एसडीएम, सीओ व थाना पुलिस से जरूर करें। साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता, धारा 144 व कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने को भी उन्होंने प्रेरित किया। 

Leave a comment