कोंच-उरई। विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 20 फरवरी को होने वाले मतदान में वोटिंग प्रतिशत बढ़ाए जाने हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व अन्य हिंदूवादी संगठनों से जुड़े स्वयं सेवकों ने बुधवार को नगर में श्रीराम प्रभात फेरी निकाली। महंतनगर से भारत माता का पूजन कर प्रारंभ हुई प्रभात फेरी में शामिल स्वयं सेवक हाथों में भगवा ध्वज लेकर शंख झालर घंटा बजाते हुए क्रमबद्ध रूप से चल रहे थे। रास्ते में स्वयं सेवक जय जय श्रीराम, भारत माता की जय, वंदे मातरम आदि गगनभेदी उद्घोष करते हुए चल रहे थे और मतदाताओं से राष्ट्र धर्म की रक्षा के लिए 20 फरवरी को सारे काम छोड़कर मतदान करने का आह्वान कर रहे थे। श्रीराम प्रभात फेरी का समापन चंदकुआं स्थित ऐतिहासिक रानी लक्ष्मीबाई स्मारक पर किया गया। इस दौरान आरएसएस नगर कार्यवाह पवन झा, नगर खंड प्रचारक उपेंद्र, जिला सेवा प्रमुख विपिन, जिला विद्यार्थी प्रमुख आशुतोष रावत, विहिप अध्यक्ष साकेत शांडिल्य, सर्वाचरण वाजपेयी, सुशील दूरवार, बसंत अग्रवाल, अरुण मिश्रा, शिवम समेत करीब एक सैकड़ा स्वयं सेवक शामिल रहे।

Leave a comment