
उरई । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि महोबा के क्रेशर व्यापारी की हत्या के मामले में फरार एसपी को उसके गुजरात कनेक्शन की वजह से अभी तक गिरफ्तार नही किया जा सका है | उन्होंने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री के पाखंड का यह हाल है कि एक ओर वे प्रदेश से अपराधियों और माफियाओं का सफाया करने का दंभ भर रहे हैं तो 25 हजार का इनामी अपराधी खुले आम उनके अधिकारियों के साथ क्रिकेट खेलता नजर आ रहा है |
भाजपा में सबसे ज्यादा अपराधी उम्मीदवार
उन्होंने कहा कि मीडिया वाले जानकारी कर लें कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा अपराधी भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारे हैं तो अपराधियों की पार्टी कौन सी है । अखिलेश यादव शुक्रवार को सुबह माधौगढ़ के बुंदेलखंड इंटर कालेज के मैदान में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में हुई विशाल सभा को संबोधित करने पहुंचे थे |
किसानों की दुखती राग पर रखा हाथ
उन्होंने किसान बाहुल्य क्षेत्र के मिजाज को भांपते हुए किसानों की दुखती रग को छेड़ने में कोई कसर नही छोड़ी | सपा सुप्रीमो ने कहा कि प्रधानमंत्री की हठधर्मिता के कारण काले कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन करते हुए साढ़े सात सौ किसानों ने शहादत दे दी फिर भी प्रधानमंत्री नही पसीजे | उन्होंने तब काले कानून वापस लिए जब उनको उत्तर प्रदेश व पंजाब में हार का डर सताया । भाजपा ने किसानों को परेशान करने के लिए रास्ते में कीलें, बोल्डर लगाकर अवरोध पैदा किया । किसान फिर भी भाजपा को माफ़ नहीं करेगा | पंजाब में प्रधानमन्त्री की सभा में कुर्सियां खाली रही क्योंकि किसान उनकी सभा में नहीं पहुंचे | किसान इस चुनाव में हर जगह भाजपा का सफाया करेंगे |
उरई में लापता बेटी का शव मिलने का मुद्दा उठाया
उन्होंने कहा कि उरई की एक नाबालिक लड़की पिछले दो दिन से लापता थी जिसका मृतक शरीर मिला उस समय बाबा झांसी में सो रहे थे थे | एक शब्द उस बच्ची के लिए नही बोला इसकी जिम्मेदारी बाबा को लेनी चाहिए । उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा महिलायें उत्तर प्रदेश में असुरक्षित हैं | महिलाओं पर होने वाले अपराधों की संख्या इसको बताती है |
दलहन तिलहन का उत्तर प्रदेश में हब बनायेंगे
अखिलेश यादव ने यह कि कहा कि बीएड , टैट वालो को नौकरी का इंतजाम सपा सरकार करेगी | उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में दलहन, तिलहन का बहुत बड़ा क्षेत्र है | सपा सरकार बनी तो बुंदेलखंड दलहन तिलहन का हब बनेगा | इसके लिए सपा 300 करोड़ तक इस क्षेत्र में खर्च करेगी | सभा में माधौगढ़ के प्रत्याशी राघवेन्द्र सिंह , कालपी के विनोद चतुर्वेदी और उरई के प्रत्याशी दयाशंकर वर्मा को मतदाताओं की अदालत में पेश कर मंच से उन्हें भारी बहुमत से जिताने की अपील की |







Leave a comment