उरई । जनता की समस्याओं को त्वरित गति के साथ निस्तारण संभव हो सके इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। जिसके क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की अध्यक्षता में कोंच तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने जनता की समस्याओं को बहुत ही गंभीरता के साथ सुनने के उपरांत विभागीय अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही उनका निराकरण करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी फरियादी समस्या के समाधान के उद्देश्य ही सरकारी कार्यालय में आता है इसलिए जनता की समस्या का समाधान करना हम सबके लिए सर्वोपरि है | कोई भी फरियादी तहसील दिवस या किसी भी कार्यालय से निराश होकर नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के आधार पर संबंधित को नियमानुसार न्याय दिया जाए जब तक फरियादी द्वारा की गई शिकायत के समाधान से संतुष्ट नहीं हो जाए | तब तक शिकायत का समाधान नहीं माना जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित समस्त जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक जनपद के हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर कुल 74 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का गुणवत्ता के साथ 1 सप्ताह के अंदर ही निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण किया जाए ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र देव शर्मा, उप जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक शिवाकांत द्विवेदी, डीसी मनरेगा अवधेश कुमार दीक्षित, आदि सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।








Leave a comment