गाँवों में फिर बहे प्रेम और भाईचारे की बयार , रगौली से मंडलायुक्त ने किया सदभावना योजना का श्रीगणेश

उरई | झांसी मंडल के कमिश्नर अजय शंकर पांडे ने अनोखी पहल शुरू की है। उन्होंने जालौन के डकोर विकासखंड के ग्राम रगौली से सद्भावना ग्राम योजना का शुभारंभ फीता काटकर किया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रधान और उनके प्रतिनिधियों को एक साथ लाकर गांव का विकास कराना है, कमिश्नर ने चुनाव हार चुके प्रधान के प्रतिनिधियों को विकास सलाहकार नियुक्त किया है जिससे गांव के विकास में किसी प्रकार की कोई अड़चन न आ सके।

झांसी मंडल के कमिश्नर अजय शंकर पांडे ने मंडल के अंतर्गत आने वाले जालौन,  झांसी और ललितपुर के 3 गांव चयनित  किए हैं जिसकी शुरुआत उन्होंने जालौन के डकोर विकासखंड के रगोली गांव से की ।

मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय जालौन की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ रगोली पहुंचे। जहां उन्होंने सद्भावना ग्राम योजना का शुभारंभ फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधान और उनके खिलाफ चुनाव लड़ने वाले प्रतिद्वंदियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें गांव का विकास सलाहकार बनाया है। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए झांसी मंडल के आयुक्त अजय शंकर पांडेय ने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान देखने को मिलता है कि आपस में वैमनष्यता फैलती है, जिससे गांव का विकास प्रभावित होता है, साथ ही कानून व्यवस्था की  भी बहुत समस्याएं पैदा होती हैं। यह सब दूर हो जाये। इसके  लिए उन्होंने सद्भावना ग्राम योजना लागू की है, जिसमें गांव के व्यक्ति एक दूसरे का साथ देकर गांव के विकास के लिए काम करें और उनके बीच आपसी भाईचारा बना रहे।

उन्होंने कहा कि प्रधान के साथ चुनाव लड़ने वाले अन्य प्रत्याशियों को इसमें जोड़ा गया है, उनके प्रतिद्वंदी विकास सलाहकार बनाए गए हैं और वह विकास के एजेंडे में शामिल रहेंगे।

इस दौरान झांसी मंडल के कमिश्नर अजय शंकर पांडे ने बताया कि उन्होंने एक सर्वे कराया था और झांसी मंडल की सभी ग्राम पंचायतों को एक पत्र लिखा था, जिसमें इस योजना के बारे में विस्तार से बताया था, जिसमें कई पंचायतों से  फीडबैक आया  और कई ग्राम पंचायतों ने इसमें संशोधन के सुझाव दाखिल किये  जिसके बाद पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से जालौन की रगोली पंचायत को चयनित किया गया । ललितपुर में सोमवार को और झांसी जनपद में मंगलवार को इसकी शुरुआत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि देश में यह अछूती पहल है , यह सफल होती  है, तो इसे शासन को भेजा जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य है कि गांव में शांति और सद्भावना बनी रहे। उन्होंने कहा कि जो भी गांव सद्भावना ग्राम योजना के अंतर्गत आते हैं, उन गांव के लोगों को उनकी समस्याओं के  निराकरण में  प्राथमिकता दी जाएगी ।

वहीं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जालौन की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि पहले गांव के एक व्यक्ति की समस्या पूरे गांव की होती थी, मगर कुछ समय से देखा जा रहा है कि गांव के किसी व्यक्ति की समस्या होती है तो वह केवल उसी व्यक्ति की समस्या के रूप में गांव के लोग देखते हैं |  उनका यह प्रयास है कि फिर से वही समय आ जाए जिससे एक व्यक्ति की समस्या पूरे गांव की समस्या हो जाये। सद्भावना ग्राम योजना का मुख्य उद्देश्य यह है कि गांव में शांति और कानून-व्यवस्था कायम बनी रहे और गांव के विकास में सब का योगदान रह सके। कार्यक्रम के दौरान झांसी मंडल के कमिश्नर अजय शंकर पांडेय ने ग्राम प्रधान बलराम पाल के साथ उनके खिलाफ चुनाव लड़ने वाले सभी प्रतिद्वंद्वियों को सम्मानित किया जिससे वह गांव के विकास में अपना अहम योगदान दे सकें |  कार्यक्रम के दौरान झांसी कमिश्नर द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म अन्नप्राशन कार्यक्रम तथा वृक्षारोपण भी किया गया। वहीं उन्होंने ग्राम राहिया में बनने वाले अमृत सरोवर तालाब का भी निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने कुछ सुधार के निर्देश भी जारी किये  |

Leave a comment