व्यावसायिक खेती को नयी दिशा से यश ने कृषि विपणन मंत्री को लुभाया , रायबरेली में बुलवा कर रोल माडल के रूप में नवाजा

उरई | रायबरेली में शनिवार को  प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मलेन में अभिनव खेती के नए माडल के प्रणेता यश गुर्जर ने शानदार ढंग से जनपद का झंडा गाडा | उनके अनुभव और सुझावों को सम्मेलन में बड़े मनोयोग से सुना गया |

प्रदेश के उद्यान , कृषि विपणन , कृषि विदेश व्यापार और कृषि निर्यात विभाग के स्वतंत्र प्रभार  राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पिछले दिनों जनपद से गुजरते समय राहिया में यश गुर्जर द्वारा तैयार किये गए कृषि फ़ार्म का निरीक्षण किया था जिसके बारे में अनोखी खेती के बतौर दी गयी जानकारी के आधार पर वे उत्सुक हुए थे | यहाँ यश ने ऊसर भूमि पर इजरायल को मात करने वाली जल संरक्षण तकनीक के साथ अत्यंत लाभप्रद और संभावनाशील व्यावसायिक खेती का सफल प्रयास किया है जिसे देख कर मंत्रीजी बहुत प्रभावित हुए | उन्होंने भीषण गर्मी के बाबजूद 100 बीघा से अधिक फ़ार्म क्षेत्र में गहन रूचि जताते हुए एक सिरे से दूसरे सिरे तक सम्पूर्ण अवलोकन किया और भरोसा जताया कि अगर यश से प्रेरणा ले कर पढ़े लिखे और प्रतिभाशाली युवक किसानी को अपना कैरियर बनाने की ठान लें तो कृषि व्यापार के क्षेत्र में प्रदेश के किसानों की तकदीर ही बदल सकती है |

   इसी कारण जब 18 जून को रायबरेली में राज्य किसान सम्मलेन के आयोजन की रूपरेखा उन्होंने बनायी तो यश को रोल माडल के रूप में आमंत्रित किया ताकि सम्मेलन को सार्थक बनाया जा सके | उन्होंने स्वयं जिले के उद्यान अधिकारी को फोन करके यश को अपने साथ सम्मेलन में लाने के निर्देश दिए | सम्मेलन में राज्य के सभी जिलों से 2000 किसान आमंत्रित थे हालांकि जालौन जिले से अकेले यश का ही चुनाव किया गया था | यश ने मंत्रीजी की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदेश भर के किसानों पर अलग छाप छोडी जिससे किसान काफी प्रेरित हुए और उनका उद्यम सम्मेलन में चर्चा का विषय बना रहा | स्वयं यश ने उक्त आयोजन में प्रतिभाग के अपने अनुभव को सुखद बताते हुए मंत्री जी की सोच को प्रदेश में खेती के लिए वरदान बताया | कहा कि उन्होंने जिस ढंग से मुझ जैसे किसानों को प्रोत्साहित किया उससे प्रदेश में खेती के क्षेत्र में उनकी अगुआयी में बड़ी क्रान्ति की उम्मीद जागी है |   

Leave a comment