संपर्क मार्ग पर आस पास बबूल की झाड़ियों से बाधित यातायात

जालौन-उरई । क्यामदी संपर्क मार्ग पर रास्ते के दोनों ओर कांटेदार बबूल के पेड़ खड़े हैं। जिससे होकर निकलने में लोगों को परेशानी होती है। स्कूली वाहन समेत अन्य वाहनों के निकलने में भी परेशानी होती है।

ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरी से क्यामदी संपर्क मार्ग पर सड़क के दोनों ओर बहुतायत में कांटेदार बबूल के पेड़ खड़े हैं। इन पेड़ों की टहनियां सड़क तक फैली हुई हैं। कांटेदार टहनियों के सड़क तक फैलने के चलते रास्ते से गुजरने वाले लोग परेशान हैं। क्योंकि जरा भी चूक हुई तो कांटेदार टहनियों से रगड़कर निकलने वाले लोग चुटहिल हो जाते हैं। चार पहिया वाहनों की बॉडी भी इन टहनियों से टकराकर क्षतिग्रस्त हो जाती है। इसी मार्ग से होकर गांव के स्कूल जाने वाले बच्चे एवं स्कूली वाहन भी निकलते हैं। इस रास्ते से होकर निकलने में गांव के लोगों को हर समय डर सताता रहता है। गांव के रणजीत सिंह, राजू पटेल, जितेंद्र राठौर, जाहर सिंह प्रजापति, सोनू पटेल,  मिस्टर पटेल, छत्रपाल आदि बताते हैं कि सड़क के दोनों ओर खड़े बबूल के पेड़ सड़क तक पसरे हुए हैं। निकलने के लिए काफी कम रास्ता बचता है। इस रास्ते से होकर बहुत ही सावधानी रखनी पड़ती है। जरा सी चूक होने पर चुटहिल होना स्वभाविक है। रास्ते में खड़े बबूल की टहनियों की सफाई कराने की मांग ग्रामीणों ने कई बार ग्राम पंचायत के प्रधान रामबाबू पटेल से की है। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीण व बच्चे लगातार परेशान हो रहे हैं। ग्रामीणों ने डीएम चांदनी सिंह से मांग करते हुए कहा कि सड़क के दोनों ओर खड़े बबूल के पेड़ों को या तो कटवा दिया जाए अथवा सड़क तक आ चुकी टहनियों की कटवा दिया जाए। ताकि रास्ते से होकर निकलने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a comment