भाजपा के कद्दावर नेता बृजभूषण सिंह मुन्नू होंगे जेडीसी के नये अध्यक्ष, पार्टी के आम कार्यकर्ताओं में जोश की लहर


उरई। उदय पिण्डारी के दिवंगत होने से जिला सहकारी बैंक (जेडीसी) के खाली अध्यक्ष के पद पर पार्टी के कद्दावर नेता, व्यक्तित्व के धनी, ओजस्वी वक्ता और बेदाग चेहरे माने जाने वाले बृजभूषण सिंह मुन्नू को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है। मुन्नू जिला सहकारी बैंक में पहले से संचालक हैं।
बृजभूषण सिंह मुन्नू को बाबूराम दादा के काल से भाजपा के अग्रगण्य कार्यकर्ताओं में शुमार किया जाता है। वे राजनाथ सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल के समय पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उस समय उन्होंने अलग पहचान बनाई थी और कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त लोकप्रियता कायम की थी। उन्हें पार्टी के गर्दिश के दौर के समय विधान परिषद की स्थानीय निकाय सीट के लिए उम्मीदवार बनाया गया था। हालांकि उस समय का पार्टी का यह फैसला बलि का बकरा बनाये जाने की तरह था पर इसके बावजूद उन्होंने यह चुनाव पूरी दमखम से लड़ा था।
लेकिन बाबूराम दादा के निधन के बाद पार्टी में बने समीकरणों में उन्हें हाशिये पर डाल दिया गया। उनकी सेवाओं और पार्टी व लोगों में पकड़ के बावजूद उन्हें अभी तक किसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने से परहेज रखा गया था। यह दूसरी बात है कि उपेक्षित रहने के बावजूद विद्यार्थी जीवन से संघ से जुड़े होने की पृष्ठभूमि के कारण मुन्नू की निष्ठा दूसरी पार्टियों द्वारा उन पर डोरे डालने के बावजूद कभी नहीं डगमगायी और हर चुनाव में वे पार्टी के लिए पूरी मन से काम करते रहे।
इसी बीच पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह द्वारा जेडीसी बैंक के अध्यक्ष पद के लिए उनकी प्रत्याशिता पर मुहर लगाने से पार्टी की मुख्यधारा में उनकी धमाकेदार वापिसी हुई है जिससे उनके समर्थकों में ही नहीं भाजपा के आम कार्यकर्ताओं में भी जोश की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उनकी उम्मीदवारी का जोरदार स्वागत हो रहा है।
हालांकि मुन्नू ने बात करने पर सहजता और विनम्रता से कहा कि पार्टी की इस अनुकम्पा का स्वागत है। उन्होंने मानवेन्द्र सिंह के साथ-साथ केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा और प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का खासतौर से आभार जताया। कहा कि इस जिम्मेदारी के लिए उनका चयन करने में इन नेताओं ने मुख्य भूमिका निभाई।

Leave a comment