क्रेन से कुचल कर बाइक सवार हाईस्कूल के छात्र की मौत

जालौन-उरई । ट्यूशन पढ़कर घर आ रहे हाईस्कूल के छात्र की बाइक में हाइड्रा क्रेन ने टक्कर मारी। हादसे में घायल छात्र को सीएचसी से जिला अस्पताल और वहां से झांसी रेफर किया गया। रास्ते में छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र के दादा ने हाइड्रा और उसके चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। 

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसमरा निवासी मोहम्मद कैफ (15) पुत्र मोहम्मद रहीश एमएल कांवेंट स्कूल में कक्षा 9 का छात्र है। वह अपने परिजनों के साथ नगर के मोहल्ला चुर्खीबाल में किराए पर मकान लेकर अपनी अपनी पढ़ाई कर रहा है। सुबह स्कूल और शाम को आवास विकास कॉलोनी में वह ट्यूशन पढ़ने के लिए जाता है। सोमवार की शाम करीब 7 बजे वह आवास विकास कॉलोनी में ट्यूशन पढ़कर बाइक से वापस चुर्खीबाल स्थित अपने मकान पर आ रहा था। तभी देवनगर चौराहे पर सामने से आ रहे हाइड्रा क्रेन के चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हाइड्रा की टक्कर से कैफ बाइक समेत सड़क पर गिर गया। वहीं, टक्कर मारकर हाइड्रा का पहिया उसके शरीर के निचले हिस्से पर चढ़कर निकल गया। हादसा देखते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गए। आनन फानन में उसके परिजनों को सूचना दी गई और वहां मौजूद लोगों ने छत्र को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी उसकी हालत गंभीर थी। जिसके बाद उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परंतु रास्ते में ही छात्र की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उक्त संदर्भ में मृतक छात्र के दादा शकूर मोहम्मद ने हाइड्रा व उसके चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने हाइड्रा को पकड़कर कोतवाली में खड़ा कराया। वहीं, हाइड्रा का चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। बता दें, मृतक तीन बहिनों में अकेला भाई था। उससे बड़ी तीन बहिनें सन्नो जिसकी शादी हो चुकी है एवं महक व रम हैं।

Leave a comment