उरई। शहर के प्रेमनगर मुहल्ले में बीती रात निजी चिकित्सक के सूने घर का ताला तोड़ कर अज्ञात चोर नगदी जेवर सहित लाखो रूपये के सामान पर हाथ साफ कर गये। घटना के समय डॉक्टर सपत्नीक इण्डोनेशिया में थे वे वहां 4 नवम्बर से घूमने गये है और 12 नवम्बर को लौटने वाले थे। पुलिस ने छानबीन में डॉक्टर के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुये चार संदिग्धों को चिन्हित किया है। जिनकी तलाश की जा रही है।
बजरिया इलाके में मुहल्ला प्रेम नगर में डॉक्टर अनिल गुप्ता का मकान है उनका एक बेटा और बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है जबकि बेटा गाजियाबाद में कारोबार करता है। घर में डॉक्टर की पत्नी और वे रहते है। पास में उनका भाई सुनील भी रहता है। सुनील आज जब टहलने के लिये निकले तो उन्होने डॉक्टर के घर का दरवाजा खुला देखा जिससे उनका माथा ठनका वे भीतर गये तो घर के अन्दर बिखरा और गायब सामान देख माजरा उनकी समझ आ गया। उन्होने पुलिस को सूचना दी जिस पर फोरसिंक टीम चोरो के फिंगर प्रिन्ट व अन्य सामान एकत्रित करने के लिये पहुंची। सुनील का कहना है कि डॉक्टर साहब के आने पर ही वास्तविक रूप से पता चलेगा कि कितने का माल चोरी हुआ है लेकिन उनका किसी बैंक मे लॉकर नही था इसलिये जिन्दगी भर की कमायी घर की अलमारी में रखी थी। फिलहाल सुनील ने जो तहरीर दी है उसमें 800 ग्राम सोने के जेवर और 1 लाख रूपये नगद जाना बताया है।

Leave a comment