उरई। बजरिया प्रेमनगर में सपत्नी इंडोनेशिया गये निजी चिकित्सक के घर दो दिन पहले हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश 48 घंटे के अंदर पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के कटिबद्ध प्रयासों से हो गया है। इतना ही नहीं चोरी में शामिल आधा दर्जन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी का शत प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया गया है।
बरामद माल में साढ़े उन्तालीस लाख रूपये के सोने के और चांदी के लगभग 50 हजार रूपये के जेवर व 70 हजार रूपये से अधिक की नगदी शामिल है। बताते चलें कि प्रेम नगर में रहने वाले निजी चिकित्सक अनिल कुमार गुप्ता घूमने के लिए कुछ दिनों पहले पत्नी के साथ इंडोनेशिया चले गये थे। उनके बेटा-बेटी बाहर रहते हैं। इसलिए घर सूना था।
पड़ोस में ही डाक्टर के भाई सुनील कुमार रहते हैं जो 10 नवम्बर को रोजाना की तरह जब घूमने निकले तो उन्होंने पहले अपने भाई के मकान पर निगाह डाली जिसके किबाड़ खुले पड़े थे। उनका माथा ठनका और भीतर गये तो सारे कमरों और सेफ आदि के ताले टूटे दिखे। घर में पूरा सामान बिखरा पड़ा था। उनके होश उड़ गये। डाक्टर अनिल ने किसी बैंक में लाकर नहीं लिया था। पुलिस के आने पर उनके भाई सुनील ने बताया कि अनिल की सारी जमा पूंजी, जेवर घर में ही था जो सब गायब है। उन्होंने नगदी सहित लगभग 42 लाख रूपये की चोरी का अनुमान प्रकट किया था।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने छानबीन की तो पास की मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में रात के समय बैग लादकर जाते तीन संदिग्ध चेहरे देखने को मिले। इतनी बड़ी चोरी से पुलिस में खलबली मच गई। एसपी ने इस चोरी को चुनौती के रूप में लेते हुए कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी और सर्विलांस की टीमें भी खुलासे में झौंक दी।
उनकी लगातार कसावट से सीसीटीवी कैमरे में कैद चेहरों के सहारे पुलिस की टीमें सारे संदिग्धों तक पहुंच गई। गिरफ्तार आरोपितों में मोहल्ले का ही आविद खान उर्फ मुन्ना उसके साथी मीरा कालोनी जनपद भिण्ड निवासी देवेन्द्र रायकवार, डकोर थाने के मोहम्मदाबाद का निवासी सनी रैकवार, जनपद झांसी के बड़ौराकला गांव का निवासी गजेन्द्र अहिरवार उर्फ राजेश, सीपरी बाजार झांसी का निवासी धर्मेन्द्र अहिरवार और उरई शहर में जेके हाउस के पीछे का निवासी रवि याज्ञिक शामिल है।
पुलिस का दावा है कि शनिवार को शहर में करमेर रोड रेलवे क्रांसिंग के पास मुठभेड़ के बाद उक्त बदमाश दबोचे गये। इनके कब्जे से तीन तमंचे भी मिले हैं। आरोपितों में धर्मेन्द्र अहिरवार का लम्बा चैड़ा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ झांसी के विभिन्न थानों में चोरी के एक दर्जन मुकदमे पहले से कायम हैं। एक अन्य आरोपित गजेन्द्र अहिरवार भी शातिर चोर है उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के मुताबिक पूंछतांछ में बदमाशों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।






Leave a comment