जालौन-उरई । नगर में आधार कार्ड बनाने के लिए बैंकों में आधार केंद्र चल रहे हैं। आधार कार्ड बनाने व संशोधन के चल रहे केंद्रों पर संचालक मनमानी कर रहे हैं। बच्चों के नए आधार कार्ड बनाने के नाम पर रुपयों की वसूली का आरोप लग रहा है। पीड़ित ने इसकी शिकायत डीएम व मुख्यमंत्री से की है।  

मुरली मनोहर निवासी अशफाक राईन ने डीएम व मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि नगर में आधार कार्ड बनाने व संशोधन के लिए कई केंद्र संचालित हो रहे हैं । बीएसएनएल कार्यालय परिसर, इंडियन बैंक की मंडी शाखा, उप डाकघर समेत कई स्थानों पर आधार पंजीकरण एवं संशोधन केंद्र चल रहे हैं। आधार बनाने व संशोधन के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने शुल्क निर्धारित कर रखा है। इसके बाद भी केंद्र संचालक मनमाना धन वसूल कर रहे हैं। जो झगड़े का कारण बनता जा रहा है। नए आधार कार्ड बनाना निशुल्क है। इसके बाद भी केंद्र संचालक बच्चों के आधार कार्ड बनाने के नाम 100-100 रुपये वसूल रहे हैं। वहीं, संशोधन के लिए भी शुल्क निर्धारित है। संशोधन में भी मनमर्जी से शुल्क वसूला जा रहा है । यदि कोई व्यक्ति अवैध वसूली का विरोध करता है तो केंद्र संचालक झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। केंद्रों पर उच्चाधिकारियों के नंबर अंकित न होने से उपभोक्ता शिकायत भी नहीं कर पाते हैं। उन्होंने आधार केंद्र पर उच्चाधिकारियों के मोबाइल नंबर एवं आधार संशोधन की दर सूची केंद्र पर अंकित कराने की मांग के साथ ही अवैध वसूली को भी रूकवाने की मांग डीएम व मुख्यमंत्री से की है।

Leave a comment