कालपी –उरई | महिला मरीज को एम्बुलेंस व्यवस्था होते हुए भी   हाथ ठिलिया पर  लादकर अस्पताल पहुंचाये जाने  का मामला सुर्खियों में आते ही प्रशासन के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गयी । सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट / एसडीएम अभिषेक कुमार आईएएस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया और  आवश्यक निर्देश दिए ।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक कस्बा के मुहल्ला हरीगंज निवासी 55 वर्षीय महिला राबिया के पैर में चोट लगी होने की वजह से परिजन उसे कोई और व्यवस्था न होने से मजबूरी में  हाथ ठिलिया पर लादकर सरकारी अस्पताल इलाज के लिए ले गये थे। ठिलिया में मरीज के लदे होने की तस्वीरें सोशल मीडिया में उजागर होने लगी तो इस मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। तहसीलदार सुशील कुमार सिंह के साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार आईएएस औचक ढंग से देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं की हकीकत को परखने के लिए पहुंच गए। उपजिलाधिकारी ने सीएचसी में भर्ती मरीजों के हाल जाने तथा अस्पताल से मिलने वाली चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर  शेख शहरयार ने अवगत कराया कि महिला मरीज के द्वारा एंबुलेंस की मांग नहीं की गई थी। घर नजदीक होने की वजह से अपनी ठिलिया में परिवारिक जन महिला को लेकर चले आए थे। इससे पहले कई बार महिला इलाज कराने के लिए अस्पताल में आ चुकी है। महिला को  चिकित्सा की कई दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं । निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने दवाइयों के स्टाक तथा वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर, प्रसवोत्तर  केंद्र आदि स्थानों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। चिकित्सालय के परिसर का घूम घूम कर निरीक्षण करके स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी निर्देश दिये। ड्यूटी पर मौजूद डाक्टरों तथा कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों  को चिकित्सकीय सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जाए। किसी भी मरीज को परेशानी न उठानी पड़े। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुमार, फार्मेसिस्ट पुष्पेंद्र सिंह समेत अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहां ।

Leave a comment