वर्तमान सरकार के प्रयासों ने फूंकी मरणशैया पर जा पहुंचे सहकारिता आन्दोलन में  नयी जान – बृजभूषण मुन्नू

उरई | सबके साथ मिल जुलकर कार्य करने की भावना ही सहकारिता है |  सहकारी क्षेत्र में अब सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं |   उपरोक्त विचार  भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवम् जिला सहकारी बैंक लि जालौन   के निदेशक ब्रजभूषण सिंह ने  राठ रोड स्थित  क्रय विक्रय  सहकारी समिति लि के सभागार में सहकार भारती के तत्वावधान में आयोजित 69 वे सहकारिता सप्ताह  के अंतर्गत आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए |

 उन्होंने कहा कि जनपद में पूर्व में सहकारी समितियाँ  बहुउद्देशीय कार्य से जुड़ी रही हैं । संगोष्ठी में मुख्य वक्ता सहकार भारती उत्तर प्रदेश के महामंत्री डॉ प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि सहकार भारती देश में सहकारिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय  स्वयं सेवक संघ का अग्रणी संगठन है | सहकार भारती की लगातार मांग पर  केंद्र में पृथक  सहकारिता मंत्रालय बना जिसकी कमान देश के गृहमंत्री अमित शाह को सौंपी गई है |

केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्राथमिक सहकारी समितियां ( पैक्स ) के विकास के लिए कई लाभकारी योजनाओं  को लागू किया | समितियों को   कंप्यूटर से जोड़ने  का कार्य शुरू कर दिया गया  है | युवा सहकारी समितियों से जुड़कर ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार का सृजन करें ।

सहायक निबंधक एवम् आयुक्त सहकारिता जालौन सी एल प्रजापति ने  बताया कि जनपद जालौन में 30  सहकारी समितियों का कंप्यूटरीकरण किया जाएगा |  मटर ग्रेडिंग,  पशु आहार,  आरो प्लांट का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है|  माइक्रो एटीएम भी चालू किए गए हैं | विद्युत कलेक्शन का भी कार्य किया जा रहा है । सहकार भारती के पदाधिकारियों के   सहकारी समितियों के विकास के लिए   महत्वपूर्ण सुझावों  को  अमल में लाया जाएगा । संगोष्ठी  के विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक  के उप सभापति राकेश कुमार तिवारी ने कहा कि  गांव की आत्म निर्भरता  सहकारिता  से ही संभव है |  सहकारिता की भावना से ही समाज की उन्नति होगी |  उन्होंने जनपद की जिला सहकारी बैंक की उपलब्धियों की सहकारी सप्ताह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सभी को जानकारी दी। जिला सहकारी बैंक के संचालक युद्धवीर सिंह कंथरिया ने कहा कि सहकारी सप्ताह का आयोजन अगर ब्लॉक स्तर पर आयोजित हो तो अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ सकते हैं |  सहकारिता के सिद्धांत के अनुरूप  सहकार भारती  जनपद में  लोगो के बीच  सहकारी समितियों की खुली सदस्यता का   अभियान  चला रही है  । सहकार भारती के पैक्स प्रकोष्ठ के सह संयोजक सतीश सिंह सेंगर ने कहा कि पैक्स ही सहकारिता की रीढ है | सहकारिता विभाग के अधिकारी ,  कर्मचारियों को पैक्स के  आर्थिक विकास के लिए विभिन्न व्यवसाय करने का प्रस्ताव  शासन को  भेजना चाहिए|  जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि  जनपद की उपभोक्ता संस्था को ऋण मुक्त करने में पूरे संचालक मंडल का सहयोग रहा है |  केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार अब ब्लॉक स्तर पर उपभोक्ता भंडार का संचालन करेगी |  सहकार भारती के जनपद जालौन के जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राजावत ने कहा कि जनपद में सहकार भारती विकास खंड  स्तर पर  सहकारी समितियों का गठन कर युवाओं को सहकारिता से जोड़ने का कार्य कर रही है | उन्होंने  सभी सहकारी जनों से  सहकार भारती का सहयोग करने का अनुरोध किया |

इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक लि जालौन के संचालक श्याम किशोर मिश्रा,  हरी ओम पांडे , क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष आशीष पटेल , सहकार भारती की  प्रदेश कार्य समिति के सदस्य  सोमेश सोमेंद्र सिंह , जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह,  विक्रम सिंह कुशवाहा,  राहुल उपाध्याय , मनोज कुमार,  बृजेन्द्र  सिंह,  लक्ष्मी प्रसाद राजपूत , जिला महामंत्री श्याम करण प्रजापति,  जिला सह संगठन प्रमुख राज कुमार गुप्ता ,  सर्व प्रकोष्ठ प्रमुख पुरुषोत्तम दास गुप्ता ,  मनीष गुप्ता ,  उदय प्रताप सिंह  मुख्य रूप से उपस्थित थे। संगोष्ठी का संचालन सहकार भारती के जिला संगठन प्रमुख सियाशरण व्यास ने किया |  

Leave a comment