जालौन-उरई । नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी का अवैध कारोबार रूकने का नाम नहीं ले रहा है। मिट्टी के व्यापार से जुड़े लोग अवैध ढंग से मिट्टी की खुदाई करवा रहे हैं और उसकी बिक्री कर मुनाफा कमा रहे हैं। ग्राम कुंवरपुरा में तालाब से मिट्टी की अवैध खुदाई हो रही है। प्रधान के रोकने के बाद भी मिट्टी की अवैध खुदाई बंद नहीं हो पा रही है। प्रधान ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से कर अवैध मिट्टी खनन बंद कराने की मांग की है।
मिट्टी के कारोबार में लागत न होने के कारण यह धंधा खूब फला-फूला रहा है। मिट्टी के कारोबार से जुड़े लोग सफेदपोश व खाकी से संरक्षण प्राप्त कर अपना कारोबार चला रहे हैं। जिसके चलते वह धड़ल्ले से बेरोकटोक अपना व्यापार कर रहे हैं। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में मिट्टी का कारोबार लगातार फल-फूला रहा है। विकास खंड के ग्राम कुंवरपुरा में गाटा संख्या 431 में 1.93 हेक्टेयर का तालाब है। गांव के इस तालाब में गांव के ही कुछ लोग जबरन मिट्टी की खुदाई करवाकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। ग्राम प्रधान विशंभर ने जब मिट्टी उठाने का विरोध किया तो इन लोगों ने प्रधान को ही धमकी दे डाली। ग्राम सभा के तालाब से मिट्टी निकाल कर मिट्टी व्यापारी धन कमा रहे हैं और सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार मूक दर्शक बने हुए हैं। तालाब से जबरन मिट्टी निकालने व मना करने पर मिट्टी कारोबारियों द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत ग्राम प्रधान विशंभर ने जिलाधिकारी से की है। प्रधान ने जिलाधिकारी से तालाब की अवैध खुदाई बंद कराने व कारोबार करने वालों से कर वसूलने की मांग की है।





Leave a comment