सेन्ट्रल बैंक के अन्दर महिला के 56 हजार रूपये तड लिए , सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोर की कारगुजारी

जालौन-उरई । सेंट्रल बैंक से रुपये निकालने आई महिला के 56 हजार रुपये बैंक के अंदर से ही अज्ञात युवक ने चोरी कर लिए। पीड़ित महिला को जब तक अहसास हुआ तब तक युवक वहां से भाग निकला। पीड़िता के पति की सूचना पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। 

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दलालनपुरा निवासी रामदेवी पति रामदास के साथ घर के कुछ काम के लिए बस स्टैंड स्थित सैंट्रल बैंक की शाखा से दोपहर करीब 12 बजे रुपये निकालनेे के लिए आई थीं। बैंक में उन्होंने डेढ़ लाख रुपये निकाले और बैंक में ही कुर्सी पर बैठकर पति के साथ रुपये गिनने लगी। बैंक में मौजूद एक युवक उन पर नजर रखे हुए था। रुपये गिनकर पति रुपये रखने के लिए बाहर कोई पॉलीथीन आदि लेने के लिए चले गए और रुपये उन्होंने पत्नी को ही दे दिए। महिला ने रुपये अपने बगल में साड़ी से छिपाकर रख लिए। पास ही बैठा युवक पीछे से हाथ डालकर रुपये निकालने लगा। महिला को जब तक रुपये निकाले जाने का अहसास हुआ तब तक युवक 56 हजार रुपये निकालकर वहां से भाग गया। महिला ने शोर मचाया तो पति भी वहां आ गया। जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखा तो युवक रुपये निकालता हुआ दिखा। उक्त संदर्भ में कोतवाल कमलेश तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस युवक की पहचान का प्रयास कर रही है। शीघ्र ही युवक पुलिस की गिरफ्त में होगा।

Leave a comment