उरई : गैंगस्टर लेखराज और झांसी जनपद के गरौठा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक दीप नारायण सिंह यादव की शनिवार को कोर्ट में पेशी हुई। इस दौरान न्यायालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
इस मामले में हुई पेशी
25 सितंबर को एट कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राजेश सिंह ने झांसी के कुख्यात गैंगस्टर लेखराज के ऊपर पुलिस अभिरक्षा में आत्महत्या की कोशिश व पुलिस वालों को धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप है कि एट कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर लेखराज ने पुलिस अभिरक्षा में गाड़ी में आत्महत्या करने की कोशिश की। गरौठा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक दीप नारायण सिंह यादव और उनके सहयोगियों पर उकसाने का आरोप है। इसी मुकदमे में शनिवार को गैंगस्टर लेखराज एवं दीप नारायण यादव को झांसी जेल से पेशी के लिए लाया गया। संवेदनशील माहौल को देखते हुए न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सीओ सिटी खुद सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। लेखराज व पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह यादव को बख्तरबंद गाड़ी से कचहरी लाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर इस दौरान किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को कोर्ट परिसर में दाखिल नहीं होने दिया गया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार नेे बताया कि एहतियात के तौर पर आरोपितों की पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। पेशी के दौरान आरोपितों से किसी को बात करने की अनुमति भी नहीं दी गई थी।







Leave a comment