उरई। प्रथम स्वाधीनता संग्राम की महान नायिका रानी लक्ष्मीबाई की अनन्य सहेली और उनके साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर फिरंगियों से जंग लडने वाली वीरांगना झलकारी बाई की जयन्ती पर एकीकरण समिति के तत्वावधान में मंगलवार को बडा जलसा आयोजित होगा। इस क्रम में टाउन हाल के सामने स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से भव्य शोभायात्रा प्रातः 10 बजे से शुरू होगी जो शहीद भगत सिंह चौराहा से घन्टाघर, माहिल तालाब होते हुये बस स्टैण्ड स्थित झलकारी बाई की प्रतिमा पर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो जायेगी। शोभायात्रा में क्रान्तिकारियो का वेष धारण किये बच्चे, महिलायें और शहर के गणमान्य राजनैतिक और सामाजिक कार्यकर्ता हजारों की संख्या में शामिल होेगें। यह जानकारी देते हुये एकीकरण समिति के पदेन मुखिया जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने लोगों का आवाहन किया कि देश भक्ति के अपने जज्बे के अनुरूप उक्त शोभा यात्रा में परिवार सहित शामिल होकर राष्ट्रीय गौरव को और बुलन्द करने में योगदान करें।








Leave a comment