उरई। एक माह पहले थाना नदीगांव क्षेत्र से तमंचे की नोंक पर बकरी लूटकर एम्बुलेंस में लाद लेने और चम्पत हो जाने वाले तीन कथित बदमाशों को गिरप्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से वारदात में प्रयोग की गयी ईको एम्बुलेंस भी पुलिस ने जब्त कर ली है। कथित बदमाशों में से एक के पास से तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना नदीगांव के कटकरी गांव के निवासी राकेश कुमार गत 19 नवम्बर की शाम जब अपनी बकरी चरा रहे थे तभी ईको एबुलेंस मे तीन लोग आये और उन्होने जबरन बकरी उठाकर एम्बुलेंस में डाल ली । जब उसने उनका प्रतिरोध करने की कोशिश की तो उनमें से एक ने तमंचा निकाल लिया जिससे डरकर वह खामोश हो गया । बाद में उसे पता चला कि घटना करने वाले थाना माधौगढ के अकबरपुरा गांव निवासी शिवम कोरी , सुमित कोरी और जीतू जाटव हैं। उसने पुलिस को इस बारे में अवगत कराया तो पुलिस ने उन पर शिकंजा कसा। हालांकि भूमिगत हो जाने से पुलिस कई दिनों तक उन्हें पकडने में सफल नहीं हो पायी।
आखिरकार सोमवार को नदीगांव थाने के उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह चन्देल ने हमराह सिपाहियों के साथ तीनो को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गयी बकरी तो बरामद कर ही ली गयी, साथ-साथ घटना में प्रयुक्त एम्बुलेंस भी जब्त कर ली गयी । शिवम कोरी की तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा दो कारतूसों के साथ बरामद हुआ जिसे उसे घटना के समय राकेश कुमार पर तानकर उसे पीछे हटने को मजबूर कर दिया था।
शिवम कोरी शातिर चोर है। उसके खिलाफ पहले से चोरी , धोखाधडी और अवैद्य नशीले पदार्थ रखने के आधा दर्जन मुकदमें कायम हैं जबकि सुमित कोरी पर भी चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं ।








Leave a comment