उरई। आम आदमी पार्टी बेरोजगारी को बडा मुददा बनाकर आन्दोलन छेडने जा रही है। पार्टी की संयुक्त रोजगार आन्दोलन समिति की सदस्य श्रद्धा चौरसिया ने बुधवार को इसे लेकर एक पत्रकार वार्ता आयोजित की। उन्होने कहा कि देश में इस समय आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव मनाने की धूम मची हुयी है लेकिन शासक वर्ग से परे देश का बहुसंख्यक वर्ग रोजगार के अभाव में पेट भरने की समस्या से जूझ रहा है जो गम्भीर विडम्बना है। इसका मुख्य कारण यह है कि आजादी के बाद की सरकारों ने रोजगार की दिशा में कोई गम्भीर प्रयास नहीं किया जबकि जरूरत कारगर राष्ट्रीय रोजगार नीति को लागू करने की थी।
उन्होने कहा कि इसी मांग को लेकर संयुक्त रोजगार आन्दोलन समिति के बैनर तले 26 नवम्बर को पूरे देश में एक दिन का सांकेतिक धरना और अनशन 500 स्थानों पर एक साथ किया जायेगा। जिले में उक्त तिथि को प्रातः 10 बजे से संगठन के कार्यकर्ता कोतवाली के सामने गांधी चबूतरे पर अनशन पर बैठेगे। उन्होने कहा कि इसे सफल बनाने के लिये छात्र छात्राओं के साथ साथ महिलाओं , किसानों और मजदूरों से सम्पर्क किया जा रहा है जो रोजगार न मिलने से भटकने को मजबूर हैं । उन्होने कहा कि आन्दोलन में हमारी मुख्य मांग देश भर में खाली 60 लाख सरकारी पदो ंके लिये तत्काल भर्ती शुरू करने की है।
जिले की संयुक्त रोजगार आन्दोलन समिति में उनके अलावा कुमार गौरव कुशवाहा , गौरव चौधरी , प्रखर बाजपेई और महेन्द्र प्रजापति को शामिल किया गया है।








Leave a comment