कुठौंद-उरई । सैनिक के सूने घर के दरवाजों व कमरों का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने अलमारी व बक्सो का लाक तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के जेवर व नगदी पार कर दिए। घर से आहट पाकर पड़ोसियों ने बगल में रह रहे सैनिक के पिता को जानकारी दी। जब परिजन घर में पहुंचे तो एक युवक चारदीवारी फांदकर भागते हुए नजर आया। मौके पर उसकी बाइक खड़ी मिली। गृहस्वामी के पिता ने थाना पहुंचकर पुलिस को चोरी की तहरीर दे दी है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के शहजादेपुरा गांव निवासी लाखन सिंह ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके मकान के बगल में सेना में जवान पुत्र सत्यवीर का मकान है। जिसमें ताला पड़ा हुआ था। मंगलवार की देर रात पड़ोसियों ने मकान से आहट आने पर लाखन सिंह को सूचना दी। जब परिजन बेटे के मकान में पहुंचे तो एक युवक चाहरदीवारी फांदकर भागते हुए नजर आया और मौके पर अपनी बाइक छोड़ गया। अंदर जाने पर मकान के कमरों के ताला टूटे पड़े मिले और अलमारी व बक्सों का लाक टूटा हुआ था। चोर उसके पुत्र का अलमारी में रखा सोने का हार, एक जोड़ी बृजबाला, एक जोड़ी झुमकी, बाला, एक सोने की चैन, आठ अंगूठी, चार चूड़ी, चांदी की पायल, ७० हजार रुपये नगद, पुत्र की राइफल के लाइसेंस की किताब सहित लगभग सात लाख का सामान पार कर ले गए। तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुठौंद थानाध्यक्ष अखिलेश दिवेदी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है कुछ अहम सुराग हाथ लगे है जल्द खुलासा किया जाएगा।







Leave a comment