जालौन-उरई । महिलाओं और युवतियों को अपने अधिकारों को समझना होगा और सोच बदलनी होगी तभी उनकी उन्नति संभव है। यह बात मिशन शक्ति जागरूकता अभियान के तहत रिपोर्टिंग महिला पुलिस चौकी प्रभारी ने भदवां स्थित प्राथमिक विद्यालय में महिलाओं और छात्राओं को संबोधित करते हुए कही।
मिशन शक्ति अभियान के तहत भदवां गांव में सोमवार को रिपोर्टिंग महिला पुलिस चौकी प्रभारी नीलम सिंह ने कहा कि महिलाएं या युवतियां लोकलाज के भय से अपने साथ होने वाले अपराधों को सहती रहती हैं। इससे अपराधियों के हौसले और बढ़ जाते हैं। यदि महिलाएं अपने प्रति होने वाले अपराधों का तुरंत विरोध करें तो किसी की हिम्मत नहीं है कि दोबारा से महिलाओं को छेड़ सके। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को भी अपनी सोच बदलनी होगी। तभी उनका स्वयं का उत्थान संभव है। महिला कांस्टेबिल कश्मीरा ने कहा कि किसी भी महिला के साथ अत्याचार हो रहा है तो वह इसकी जानकारी टोल-फ्री हेल्पलाईन नंबर 112, 1090, 181 पर दे सकते हैं। अगर कोई भी बच्चा मुसीबत में दिखे तो चाइल्ड हेल्पलाईन नंबर 1098 पर फोन कर सकते हैं। पुलिस आपकी सहयता के लिए मौजूद होगी। सरकार ने प्रावधान किया है कि महिला की शिकायत महिला पुलिसकर्मी ही सुनेगी। इसलिए किसी भी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है। कहा कि नारी का सम्मान सर्वोपरि है और सरकार इसको लेकर बहुत गंभीर है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से बालिकाओं और महिलाओं को सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस मौके पर संध्या कुमारी, दीपिका सिंह, सुमन देवी, कमला, मुला, सुजीत तोमर, जगदीश, प्रधान जगत कुमार निरंजन, लोकेंद्र, राकेश, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।







Leave a comment