मुसीबत में महिला किस हेल्पलाइन नम्बर पर काॅल करे, महिला कल्याण और पुलिस विभाग के समन्वय से आयोजित गोष्ठी में बताया


उरई। एसआर बालिका इण्टर काॅलेज में शनिवार को अन्तराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के उपलक्ष्य में महिला कल्याण विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय से राष्ट्रीय जेण्डर अभियान के क्रम में महिलाओं के साथ हिंसा और भेदभाव की रोकथाम के लिये जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया ।
    महिला कल्याण अधिकारी अलकमा अख्तर ने घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण का अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम , पोक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों और बाल अधिकारों के बारे में मोटी मोटी जानकारियां दी। पुलिस परामर्श केन्द्र प्रभारी रानी गुप्ता ने अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम , साइबर क्राइम रिपोर्टिग पोर्टल और पुलिस थानों में बनायी गयी महिला हेल्प डेस्क के बारे में अवगत कराया। उन्होंने सुरक्षा के तकाजे के लिये हेल्पलाइन नम्बर 1090, 112,181,1098 पर काॅल करने की बात कही , महिला कल्याण अधिकारी अलकमा अख्तर ने उनके विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के ब्यौरे से भी अवगत कराया। जिला समन्वयक नीतू देवी ने वन स्टाॅप सेन्टर के बारे में बताते हुये कहा कि हिंसा का शिकार महिला सीधे इस पर सम्पर्क कर सकती है। प्रधानाचार्या मंजू गुप्ता व छात्रायें बडी संख्या में उपस्थित थी ।

Leave a comment