
कदौरा-उरई | ब्लाक क्षेत्र के ग्राम बबीना स्थित राजकीय आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय के एक कार्यक्रम में पहुची जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने बोलते हुए कहा कि जब पिछले महीने मैंने इस स्कूल का स्थलीय निरीक्षण किया था तब स्कूल में कमियां और खामियां थी | उसी समय उन्होंने बच्चों की शिकायत पर इस स्कूल को एक मॉडल स्कूल के रूप में विकिसित कर शिक्षा के स्तर में सुधार करने की बात कही थी और तभी से उन्होंने इस ओर प्रयास करना प्रारम्भ कर दिया था | उन्होंने विजन आई ए एस के द्वारा संचालित एन जी ओ पारस इंडिया से संपर्क कर उनसे इस स्कूल में पढ़ाई लिखाई का उत्तरदायित्व सम्हालने के लिए कहा था | अब इसी एन जी ओ के माध्यम से यहाँ पढ़ाई होगी |
जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने बच्चों से बात कर उनसे कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी सिर्फ और सिर्फ पढ़ाई की होगी | बाकी का काम मैं स्वयं करूंगी | उन्होंने शिक्षा के स्तर में सुधार सहित खान , पान ,सुरक्षा और सी सी टी वी के द्वारा निगरानी सहित अन्य स्तर पर सुधार करने की प्रतिबद्धता को दोहराया | उन्होंने बच्चों के लिए एक प्रोजेक्टर देने की बात कही जिससे बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ मनोरंजन भी हो सके | आज के 18 साल पहले इस स्कूल का निर्माण ग्रामीण परिवेश के गरीब बच्चों को आवासीय सुविधा सहित अच्छी शिक्षा के लिए खोला गया था | समाज कल्याण द्वारा संचालित इस स्कूल में वर्तमान में 215 बच्चे पंजीकृत है लेकिन विभाग के द्वारा इस स्कूल में संविदा पर अध्यापकों की नियुक्ति कर इतिश्री कर दी गई लेकिन कभी शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर धयान नही दिया गया | भावुक हुई जिलाधिकारी ने कहा कि जब बच्चे पढ़ना चाहते हैं तो अध्यापक पढ़ा नही रहे और बच्चों से अभद्रता करते हैं | उन्होंने बताया कि दो अध्यपको की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है तथा एक की जांच चल रही है | रिपोर्ट आने के बाद उस पर भी कार्यवाही की जाएगी | सुरक्षा के लिए विद्यालय में होमगार्ड की तैनाती भी की जाएगी साथ ही विद्यालय में चिकित्सा सहित अन्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा | समय समय पर स्कूल की निगरानी सहित शिक्षा के स्तर में सुधार पर बल दिया जाएगा | उन्होंने उपजिलाधिकारी कालपी को समय समय पर इस स्कूल की निगरानी के आदेश भी दिए और क्षेत्र पंचायत के द्वारा स्कूल की कायाकल्प करने की बात कही | इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभय कुमार , उपजिलाधिकारी कालपी आई ए एस अभिषेक कुमार सिंह, समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी, प्राचार्य उद्धव श्याम मौर्य, विजन आई ए एस के फाउंडर अजय कुमार, एन जी ओ के हैड अभिषेक कुमार सहित बच्चे और अभिवावकों सहित अन्य लोग उपस्थित रहे |
डी एम के आने के समय रास्ते में पड़े शराबी को किया बंद
आश्रम पद्धति विद्यालय में जिलाधिकारी के आने के पहले रास्ते में एक शराबी युवक गले में चप्पलों की माला पहने पड़ा था जिस पर पहुंचे उपजिलाधिकारी कालपी ने उसे पकड़ कर एक कमरे में बंद करा दिया ।
निरीक्षण में बच्चों ने की थी शिकायत
जिलाधिकारी चाँदनी सिंह ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बबीना में पारस इंडिया के साथ मिलकर एक नई पहल का शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बबीना में आवासीय विद्यालय ग्रामीण अंचल में प्रतिभावान छात्रों के भविष्य को उज्जवल बनाने हेतु निर्मित किया गया था किंतु अध्यापकों की आंतरिक कलह एवं विद्यालय प्रशासन की अक्षमता के कारण विद्यालय युद्ध का अखाड़ा बना हुआ था जिससे बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ था। जिलाधिकारी ने पहले आश्रम पद्धति विद्यालय का निरीक्षण किया था जिसमें बच्चों द्वारा अवगत कराया गया था कि यहां के अध्यापकों द्वारा बच्चों को नहीं पढ़ाया जाता है स्वयं ही वह शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और विद्युत व्यवस्था भी लचर है।
इन अध्यापकों पर गिराई गाज
इस पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कई अध्यापकों पर कार्यवाही की जिसमें प्रधानाचार्य का वेतन अवरुद्ध किया | साथ ही संविदा अध्यापक नितिन राज को अनुशासनहीनता एवं नियम विरुद्ध वेतन प्राप्त करने के चलते सेवा से पृथक किया गया | व्यायाम शिक्षक रजनीश पाल एवं संविदा अध्यापक रवि निरंजन का भी वेतन अनुपस्थित रहने के चलते रोका गया था। जिलाधिकारी की पहल से पारस इंडिया एनजीओ एवं विजन आईएएस द्वारा कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत बच्चों को शिक्षण काउंसलिंग टेस्ट अध्यापक प्रशिक्षण आदि के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालय की सुविधाओं को चाक-चौबंद किया जाए |
बेहतर सुविधाओं के लिए क्षेत्र पंचायत से 10 लाख दिलाये
बच्चों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्र पंचायत की निधि से 10 लाख रुपए आवंटित किए गए विद्यालय की जर्जर व्यवस्था को सुधारने में खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दो होमगार्ड की तैनाती की जाएगी | बच्चों की खाने की गुणवत्ता को भी समय-समय पर चेक किया जाएगा| कहा कि खाना की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न किया जाए | ऐसा होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को कहा कि आपके भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा | आप भविष्य में जो भी उपलब्धि हासिल करना चाहते हैं मन लगाकर पढ़िए और अपने लक्ष्य को हासिल करिए | जिला प्रशासन आपके सहयोग के लिए तत्पर खड़ा है।








Leave a comment