जालौन-उरई । नगर में गोमांस और गोमांस से बने खाद्य पदार्थों की बिक्री होने का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया था। जिसका संज्ञान लेकर एसडीएम द्वारा गठित टीम ने बुधवार को मांस की दुकानों का निरीक्षण किया था। लेकिन मांस की दुकानों से मांस का सैंपल नहीं लिया था। उक्त निरीक्षण को औपचारिक बताते हुए हिंदू संगठनों ने दोबारा जांच कराकर सैंपल लेने की मांग की है। 10 दिनों में कार्रवाई न होने पर मांस की दुकानों के सामने महिलाओं द्वारा धरने की भी बात कही।
हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजासिंह सेंगर गधेला, गौसंपदा संरक्षण शोध संस्थान के संस्थापक अनिल शिवहरे, गोरक्षा अभियान महिला इकाई की अध्यक्ष मधु पांडेय के नेतृत्व में बीती 6 दिसंबर को करीब एक सैंकड़ा लोगों ने नगर में गोमांस व गोमांस से बने खाद्य पदार्थों की बिक्री होने का आरोप लगाते हुए तहसील परिसर में धरना दिया था। साथ ही जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सना अख्तर को सौंपा था। जिसमें उन्होंने नगर में गोमांस और उससे बने खाद्य पदार्थों की बिक्री बंद कराने की मांग की थी। जिसका संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी आलोक पटेल, तहसीलदार बलराम गुप्ता, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके राजपूत, एसआई नगरपालिका देवेंद्र कुमार की टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। टीम ने बुधवार को मांस की दुकानों का निरीक्षण किया था। लेकिन टीम ने किसी भी दुकान से मांस के सैंपल नहीं लिया था जिससे शिकायतकर्ता असंतुष्ट हैं। गुरूवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजा सिंह सेंगर ने कहा कि बुधवार को टीम ने जो जांच की है वह औपचारिकता में निपटा दी गई। टीम ने किसी भी दुकान से मांस के सैंपल नहीं लिए। जिससे स्पष्ट नहीं हो सकेगा कि मांस किस पशु का है। जिन दुकानों के नाम दिए गए थे टीम ने उन दुकानों का निरीक्षण ही नहीं किया। बल्कि बकरे और चिकन की दुकानों का निरीक्षण टीम ने किया है। गौसंपदा संरक्षण शोध संस्थान के संस्थापक अनिल शिवहरे व गोरक्षा अभियान महिला इकाई की अध्यक्ष मधु पांडेय ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ताओं को मौके पर नहीं बुलाया गया और जांच प्रक्रिया ढंग से संपन्न नहीं हुई। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मांस की दुकानों पर दोबारा से जांच की जाए और मांस का सैंपल लिया जाए। 10 दिनों में गोमांस की बिक्री बंद न होने पर महिला इकाई के नेतृत्व में मांस की दुकानों के सामने धरना दिया जाएगा। इस मौके पर मनोज गुप्त, लालन ताम्रकार आदि मौजूद रहे।








Leave a comment