उरई।
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर गत वर्ष घोषित किये गये अमृत महोत्सव के तहत साल भर तमाम कार्यक्रमों और अभियानों की धूम रही। अब इसका समापन भी उतनी ही सरगर्मी से किया जायेगा जिसके लिये व्यापक रूपरेखा तय की गयी है। इस उपलक्ष्य में मेरी माटी मेरा देश और हर घर तिरंगा- 2023 अभियान चलाये जायेंगे। इसे लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ वृहद बैठक आयोजित की जिसमें उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने बैठक में बताया कि जनपद में 9 अगस्त से 30 अगस्त तक मेरी माटी मेरा देश अभियान चलेगा। इस बीच 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में जन सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने इसके लिये खण्ड विकास अधिकारियों को भी सन्नद्ध किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण, स्वयं सहायता समूह और विभिन्न संगठनों का सहयोग इसमें लिया जाना है। ग्राम पंचायत स्तर पर संबन्धित विभाग जागरूपता अभियान चलाते हुये ग्राम प्रधानों को अपने यहां शत प्रतिशत घरों, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, राशन की दुकानों, नलकूंपों इत्यादि सभी स्थानों पर लोगों को प्रेरित कर झंडा फहराने की व्यवस्था करेंगे। पंच – प्रण की शपथ के संबंध में अधिकारियों से कहा कि 9 अगस्त को सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विकास खण्डों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महा विद्यालयों, औद्योगिक एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में कार्मिकों, विद्यार्थियों व स्थानीय जन प्रतिनिधियों को शपथ दिलवायी जानी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में चलने वाले इन गरिमामय कार्यक्रमों के तहत विभिन्न आयोजन किये जायेंगे। मेरा माटी मेरा देश अभियान के तहत गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और नायकों के नाम की पट्टिकाऐं लगायी जायेंगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता के लिये जिन विभागों को जो जिम्मेदारी दी गयी है वे उसका पूरी पारदर्शिता, तन्मयता एवं संवेदनशीलता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। 9 अगस्त से 15 अगस्त तक जनपद भर में अमृत कलश यात्रा से संबन्धित कार्यक्रम होंगे। इसके अन्तर्गत ब्लाॅक स्तर/नगर पालिकाओं/नगर पंचायतों पर समस्त सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में माटी गीत का स्वर गायन, नागरिक संगठनों, उद्योग व्यापार मंडल, नागरिक सुरक्षा आदि के स्वयं सेवक एवं एनसीसी, एनएसएस के कैडेट द्वारा प्रभात फेरी और तिरंगा यात्राऐं निकाली जायेंगी। विद्यालयों में स्लोगन लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता, जनपद के स्वतंत्रता संग्राम स्थलों व शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान, नुक्कढ़ नाटक एवं राष्ट्रभक्ति से ओत प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्वतंत्रता सेनानी व शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
इसी प्रकार पंचायत- स्थानीय निकाय स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालयों में आजादी के नायकों पर आधारित एकल अभिनय प्रतियोगिता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान, विद्यालयों में स्लोगन लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता, राष्ट्रभक्ति पर आधारित सांस्कृति संध्या, शहीद स्मारकों और स्थलों पर पुलिस/पीएसी बैण्ड द्वारा राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों का वादन किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि 9 अगस्त को मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत ग्राम पंचायत और स्थानीय निकायों में चयनित स्थलों पर जिसमें अमृत सरोवर व शहीद पार्क को विशेष प्राथमिकता होगी शिलाफलकम् स्थापित किये जायेंगे जिन पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और नायकों के नाम उत्कीर्ण होंगे। इसमें सहभागिता करने वाले लोग एक एक मुट्ठी मिट्टी लेकर एकत्रित होंगे और पंचप्रण की शपथ लेंगे जिसकी सामूहिक व एकल सेल्फी संबन्धित वेब साइट पर अपलोड करना होगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक स्थान चिन्ह्ति कर 75 पौधों का रोपण किया जायेगा और इसे अमृत वाटिका का रूप दिया जायेगा। स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को पुनः स्मारक स्थल पर एकत्रित होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा व राष्ट्रीय गान गाया जायेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाद में एकत्रित की गयी मिट्टी को कलश में लेकर युवा मंगल दल, महिला मंगल दल, नेहरू युवा केन्द्र, स्काउट गाइड, एनसीसी एवं अन्य संस्थानों के युवा अपने अपने ब्लाॅक पर एकत्रित होंगे। मिट्टी कलशों को सुसज्जित वाहनों के माध्यम से नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर पहुंचाया जायेगा। जनपद में 9 से 15 अगस्त तक अमृत कलश यात्रा भी आयोजित की जायेगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भीम जी उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, प्रभागीय वन अधिकारी जयप्रकाश नारायण तिवारी, उप कृषि निदेशक एसके उत्तम, श्रम उपायुक्त अवधेश दीक्षित, जिला पंचायत राज्य अधिकारी अवधेश कुमार आदि उपस्थित रहे।








Leave a comment