पोषण और सशक्तिकरण का संदेश: आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं को किया गया जागरूक”

उरई। आंगनबाड़ी केंद्र लहरियापूर्वा एवं सुशील नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सीडीपीओ विमलेश आर्य ने संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के लिए उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है, जिससे एक स्वस्थ समाज की नींव मजबूत होती है। उन्होंने महिलाओं को दैनिक जीवन में पोषक आहार अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उन्होंने नारी शक्ति वंदन अभियान/विधेयक की जानकारी देते हुए कहा कि अब महिलाओं को समाज और देश की निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी मिल रही है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को स्वच्छता, टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में भी बताया गया। साथ ही यह जानकारी दी गई कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं का लाभ उठाकर वे अपने और अपने बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बना सकती हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जिन्होंने जागरूकता संदेश को आत्मसात करते हुए स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Leave a comment