उरई। इनर व्हील स्वर्णिम क्लब के सामाजिक कार्यों का अवलोकन करने हेतु डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन सुरुचि सक्सेना ने शहर का दौरा किया। क्लब अध्यक्ष सुविधा इटौरिया, सचिव नूपुर कौशिक और टीम के साथ उन्होंने विभिन्न प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान क्लब द्वारा शहर में यातायात सुविधा के लिए बैरिकेटिंग यातायात पुलिस को सौंपी गई और उरई रेलवे स्टेशन पर पौधारोपण भी किया गया।
इसके बाद बीकेडी एल्ड्रिच स्कूल के सभागार में क्लब की स्मारिका “स्वर्णिम सुविधेय” का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष सुविधा इटौरिया ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्लब ने प्रशासन के सहयोग से शहर में यातायात जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नियमों के प्रति जागरूक किया।
सचिव नूपुर कौशिक ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल ने आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा रखा। ऑडिटर अर्चना निरंजन ने ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की और आईएसओ माधुरी ने क्लब की गतिविधियों का विवरण आकर्षक फाइल के माध्यम से साझा किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन सुरुचि सक्सेना ने क्लब के कार्यों की सराहना करते हुए “स्वर्णिम सुविधेय” स्मारिका को उपलब्धियों का दर्पण बताया और उम्मीद जताई कि नई टीम क्लब को और ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव शिल्पी सहित मालती, सुमन, निष्ठा, शालिनी, मनोरमा, शशि, सोमेंद्र सिंह, रजनी, दीक्षा, नीरज त्रिपाठी, सीमा, श्रीखंडे, ममता सहित अन्य सदस्यों ने भी क्लब के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन अनीता पाठक ने कुशलतापूर्वक किया, जिससे आयोजन आकर्षक और सुव्यवस्थित रहा। अंत में सभी सदस्यों ने क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





Leave a comment