उरई। गाजीपुर जनपद के कटरिया गांव में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना ने विश्वकर्मा समाज में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। इसी के विरोध में जनपद जालौन में शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने एकजुट होकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के जिला अध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी महेश चंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में समाज के लोग जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जिलाधिकारी राजेश पांडे को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गाजीपुर जिले के थाना करण्डा क्षेत्र के गांव कटरिया में सियाराम विश्वकर्मा की 16 वर्षीय बेटी के साथ कथित रूप से दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को गंगा किनारे फेंक दिया गया।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे नेताओं पर भी हमला किया गया। बताया गया कि 22 अप्रैल को पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक दल गांव पहुंचा था, जहां कथित रूप से ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह उर्फ आशु और कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि घटना में शामिल आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए और 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में विश्वकर्मा समाज के लोग मौजूद रहे और उन्होंने न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया।








Leave a comment