जालौन। मोहल्ला शाहगंज के जर्जर एवं कच्चे मुख्य मार्ग को बरसात से पहले पक्का बनाए जाने की मांग तेज हो गई है। समाजसेवी हकीम खालिद रहमान के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने उप जिलाधिकारी एवं जॉइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही को प्रार्थना पत्र सौंपकर मुख्य मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराए जाने और तत्काल सड़क निर्माण की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि मोहल्ला शाहगंज में हकीम खालिद रहमान के मकान से होकर लगभग 500 फीट लंबा और 25 फीट चौड़ा मुख्य कच्चा मार्ग गुजरता है, जो आगे जाकर 50 फीट मुख्य सड़क तथा औरैया रोड से जुड़ता है। यह मार्ग पूरे शाहगंज क्षेत्र की मुख्य संपर्क कड़ी है और बड़ी आबादी की आवाजाही इसी रास्ते से होती है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों से सड़क बेहद खराब स्थिति में है। बरसात के दिनों में यहां भारी जलभराव, कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों का निकलना दूभर हो जाता है। मोहल्ले के अधिकांश अंदरूनी रास्ते करीब 10 फीट चौड़े होने के कारण बड़े वाहनों का प्रवेश भी मुश्किल हो जाता है।
हकीम खालिद रहमान ने कहा कि यदि इस 25 फीट चौड़े मुख्य मार्ग का पक्की सड़क के रूप में निर्माण करा दिया जाए तो पूरे क्षेत्र के लिए आवागमन सुगम हो जाएगा। इससे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य बड़े वाहन आसानी से बस्ती तक पहुंच सकेंगे। साथ ही स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सड़क निर्माण होने से बरसात में कीचड़ और जलभराव की समस्या समाप्त होगी तथा शाहगंज क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। यह मार्ग 50 फीट मुख्य सड़क और औरैया रोड से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
क्षेत्रवासियों ने उप जिलाधिकारी से बरसात शुरू होने से पहले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर तत्काल पक्की सड़क निर्माण की स्वीकृति दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल सड़क निर्माण नहीं बल्कि हजारों लोगों को राहत पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण जनहित का कदम साबित होगा।




Leave a comment