आंधी-तूफान के बाद डीएम ने संभाली कमान, बिजली-पानी व्यवस्था बहाल करने के दिए निर्देश

उरई। जनपद में 28 मई की रात आए तेज आंधी-तूफान एवं खराब मौसम के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जनसुविधाओं की शीघ्र बहाली के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की बहाली प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी क्षेत्र में संकट की स्थिति नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, टूटे तारों और अन्य तकनीकी खामियों का सर्वेक्षण शीघ्र पूरा कर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन क्षेत्रों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, वहां बिजली आपूर्ति बहाल करने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और मरम्मत कार्य तेजी से पूर्ण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी बनाए रखने, प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा बिजली और पेयजल आपूर्ति की स्थिति की नियमित जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की परिस्थितियों में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और राहत कार्यों में तेजी लाकर जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास करें |

Leave a comment