मतदाता सूची की हर प्रविष्टि जांचें, भाजपा पर भरोसा न करें : नरेश उत्तम पटेल

समाजवादी पार्टी की बैठक में एमएलसी चुनाव और 2027 की रणनीति पर मंथन, कार्यकर्ताओं को दिए गए विशेष निर्देश

उरई। समाजवादी पार्टी कार्यालय उरई में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं फतेहपुर सांसद Naresh Uttam Patel तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षक स्नातक एमएलसी Man Singh Yadav और शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह पटेल मौजूद रहे।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने की, जबकि संचालन महेश सर द्विवेदी ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए नरेश उत्तम पटेल ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों का गहन परीक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव हो या विधानसभा चुनाव, मतदाता सूची की प्रत्येक प्रविष्टि का सावधानीपूर्वक अवलोकन आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम, उपनाम अथवा अन्य विवरणों में छोटी-सी त्रुटि भी मतदाताओं को मतदान से वंचित कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फार्म-8 के माध्यम से त्रुटियों को ठीक कराने तथा गलत तरीके से जुड़े नामों को नियमानुसार हटवाने के लिए सक्रिय रहने की अपील की।

सांसद ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से जनता परेशान है तथा आगामी चुनावों में मतदाता ही लोकतांत्रिक तरीके से बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की बढ़ती एकजुटता से चिंतित है और समाजवादी पार्टी संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

शिक्षक स्नातक एमएलसी मानसिंह यादव ने कहा कि पिछले एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भाजपा को पराजित कर नया राजनीतिक इतिहास रचा था, जिसमें जालौन जनपद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकारों ने शिक्षा मित्रों, शिक्षकों और छात्रों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की थीं। उन्होंने भी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों की जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की अपील की।

शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षकों और स्नातकों के हितों की रक्षा समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता रही है। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क कर पार्टी समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी गंभीरता के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में जुटेंगे और शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को मजबूत करने का कार्य करेंगे।

बैठक के अंत में पूर्व मंत्री श्रीराम पाल के भतीजे, सपा नेता अमर सिंह चंदेल की पत्नी तथा पिछड़ा वर्ग के पूर्व जिलाध्यक्ष अभिषेक रायकवार के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक में पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, पूर्व एमएलसी तिलक चंद्र अहिरवार, पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय, पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा, पूर्व विधायक कप्तान सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a comment