कदौरा-उरई। शासन एवं शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत महंत भगवत विशाल इंटर कॉलेज, कदौरा में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास कुमार सिंह एवं उनकी पत्नी लीलामणि सिंह के नेतृत्व में विद्यालय परिसर, खेल मैदान, महंत भगवत विशाल उद्यान, अंबेडकर उद्यान तथा महंत भगवत विशाल आश्रम परिसर में लगभग 200 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
वृक्षारोपण अभियान के दौरान आम, नींबू, करौंदा, अनार, अमरूद, सेमल, सहजन, नीम, चिलगोजा सहित अनेक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विकास कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी प्रत्येक व्यक्ति को लेना चाहिए।
कार्यक्रम में लीलामणि सिंह ने भी विद्यार्थियों और अभिभावकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी प्रेरक संदेश देता है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में कार्यालय अधीक्षक अनीश बेग, मुख्य अनुशासन अधिकारी पृथ्वीपाल अहिरवार, मनोज वर्मा, मनीष कुमार गुप्ता, रजनी गुप्ता, श्रेष्ठ बाथम, मुस्कान खातून, पवन कुमार, भगवानदीन, मनीष जॉर्डन, विवेक कुमार, योगेश कुमार, आनंद मोहन, शिवकुमार नामदेव, सुरेंद्र गौतम, विक्रांत वर्मा, कैलाश कुमार, जगदीश प्रसाद, सेवा प्रसाद सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।







Leave a comment